बांदरी में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रमाण-पत्र किए वितरित

पिठोरिया में 2 करोड़ लागत से होगा तालाब गहरीकरण, सौंदर्यीकरण

 

बांदरी में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रमाण-पत्र किए वितरित

सागर –
मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बांदरी में 5 स्वच्छता वाहनों का लोकार्पण, हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रमाण-पत्र वितरण और हनुमान मंदिर परिसर में नव निर्मित दुकानों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पिठोरिया में 2 करोड़ रूपए लागत के तालाब गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया।

बांदरी में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में बांदरी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाया था। जिसे कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया था। अब फिर से भाजपा सरकार आने पर बांदरी को नगर पंचायत बनाया गया है। जिसके लाभ आप सभी देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बांदरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रथम चरण में 1238 आवास स्वीकृत कराकर 9.21 करोड़ की राशि खातों में जमा कराई गई है। दूसरे चरण में 1840 आवास फिर से स्वीकृत कराये गए हैं। उन्होंने कहा कि बांदरी नगर पंचायत में एक भी मकान कच्चा नहीं रहेगा। खुद का मकान बनाने 1695 परिवारों को पट्टे दिये जा चुके हैं। अकेले बांदरी में 3 हजार आवास स्वीकृत हो चुके हैं। नगर पंचायत बन जाने से डेढ़ लाख की जगह अब ढाई लाख रूपए मिल रहे हैं।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि 365 लोगों को स्ट्रीट वेंडर योजना का लाभ मिला है। बांदरी जब पंचायत थी तक उसमें दो-तीन कर्मचारी होते थे। अब नगर पंचायत में सवा सौ कर्मचारी है जिनमें से 52 अकेले सफाई के लिये लगाये गए हैं। यहां हाईमास्क और स्ट्रीट लाइट लग गई हैं। बांदरी नगर पंचायत में शामिल पिठोरिया ग्राम तक हाई मास्क लाईट से जगमगा रहा है। नगर पंचायत में पहले 5 स्वच्छता वाहन थे। आज फिर 5 वाहन दिये जा रहे हैं। दो ट्रेक्टर और दिये जाएंगे। जेसीबी मशीन भी आ रही है। फायर ब्रिगेड पहले ही दे दी है।

बांदरी के वार्डों में सीसी रोड निर्माण के लिए 1.80 करोड़ और पार्क निर्माण के लिए एक करोड़ रूपए स्वीकृत कराये गए हैं। श्मशानघाट के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ की व्यवस्था की है। 16 लाख रूपए की लागत से स्मार्ट टायलेट बनाया जाएगा। बांदरी के स्कूल के लिए 36 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। वन विभाग से 25 एकड़ जमीन नगर पंचायत को दिलाने की प्रक्रिया जारी है। ताकि बांदरी में शादी घर और स्टेडियम का निर्माण कराया जा सके।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार द्वारा बंद की गई संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मेधावी छात्र योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, तीर्थदर्शन योजना को अब फिर से चालू किया गया है। खुरई विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई के लिए 3 परियोजनाएं मंजूर कराई गईं हैं। उन्होंने कार्यक्रम में संबल योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए तथा सफाई कर्मी किट एवं राशन पर्ची वितरित की।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने पिठोरिया में 2 करोड़ लागत से तालाब गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन करते हुए कहा कि बांदरी नगर पंचायत में शामिल हो जाने से पिठोरिया में 300 आवास स्वीकृत हो चुके हैं। इसलिए मकान बनाने डेढ़ की जगह ढाई लाख रूपए भी मिलने लगे हैं। आने वाले सालों में पिठोरिया को उल्दन बांध से सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। मंत्री श्री सिंह ने सड़क निर्माण और मंदिर के गुंबद निर्माण हेतु राशि देने का आश्वासन दिया।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top