मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

13 अक्टूबर को सागर पहुंचेगी बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा, बालाजी मंदिर में लगेगा दिव्य दरबार

By: गजेंद्र ठाकुर•
13 अक्टूबर को सागर पहुंचेगी बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा, बालाजी मंदिर में लगेगा दिव्य दरबार
Sponsor Ad

13 अक्टूबर को सागर पहुंचेगी बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा, बालाजी मंदिर में लगेगा दिव्य दरबार

गढ़ाकोटा, रहली और बम्हौरी चौराहे से होते हुए सागर नगर में प्रवेश करेगी यात्रा; 14 अक्टूबर की सुबह पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के बाद बंडा की ओर रवाना होंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

सागर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में निकल रही सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 13 अक्टूबर, मंगलवार को सागर पहुंचेगी। बागेश्वर धाम से शुरू होकर पन्ना और दमोह के रास्ते आगे बढ़ने वाली यह यात्रा सागर जिले में गढ़ाकोटा और रहली होते हुए बम्हौरी चौराहे से शहर की सीमा में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा आरटीओ कार्यालय और सिग्नल तिली चौराहे से होते हुए श्री बालाजी मंदिर परिसर पहुंचेगी।

यात्रा के स्वागत के लिए सागर जिला शिष्य मंडल और सुंदरकांड मंडल ने तैयारियां की हैं। आयोजन के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया जाएगा। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा।

51 बटुकों के स्वस्ति वाचन के साथ होंगे धार्मिक अनुष्ठान

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मंच पर पहुंचने से पहले लगभग 51 बटुकों द्वारा स्वस्ति वाचन किया जाएगा। इसके बाद हनुमान चालीसा की चौपाइयों का पाठ और मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद दिव्य दरबार लगाया जाएगा। रात्रि विश्राम के लिए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्री बालाजी मंदिर परिसर में ही रुकेंगे।

14 अक्टूबर को पूजा-पाठ और ध्वजारोहण के बाद आगे बढ़ेगी यात्रा

अगले दिन 14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे श्री बालाजी सरकार की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। इस दौरान राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का आयोजन भी किया जाएगा। सुन्दरलाल श्रीवास्तव स्कूल की छात्राओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सनातन हिंदू एकता रथयात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।

सागर में आगे बढ़ते हुए यात्रा मोतीनगर चौराहा, ओम स्टील और रेलवे ब्रिज के रास्ते भगवानगंज पहुंचेगी। इसके बाद रजाखेड़ी चौराहे पर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां से यात्रा मकरोनिया होते हुए बंडा के लिए प्रस्थान करेगी।

आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त

कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति ने विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग प्रभारियों को सौंपी है। इनमें आवास, संत निवास, भोजन, पेयजल, पंडाल, पार्किंग, साफ-सफाई, पुलिस कंट्रोल, चिकित्सा और प्रसादी वितरण जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम की शेष व्यवस्थाओं को लेकर समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।

आयोजन समिति ने पत्रकारों से अपील की है कि सनातन हिंदू एकता रथयात्रा की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होकर श्री बागेश्वर धाम के दिव्य दरबार का लाभ ले सकें।

समिति के कोर कमेटी सदस्य आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इस रथयात्रा के माध्यम से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन का प्रमुख संदेश है कि जाति-पाति से ऊपर राष्ट्र का स्थान है और राष्ट्र सर्वोपरि है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।