मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

12 जुआरी गिरफ्तार, ₹4,670 जब्त, पुलिस की कार्रवाई पर उठे वसूली के आरोप, 15-15 हजार रुपये मांगने की चर्चा!

By: गजेंद्र ठाकुर•
12 जुआरी गिरफ्तार, ₹4,670 जब्त, पुलिस की कार्रवाई पर उठे वसूली के आरोप, 15-15 हजार रुपये मांगने की चर्चा!
Sponsor Ad

12 जुआरी गिरफ्तार, ₹4,670 जब्त, पुलिस की कार्रवाई पर उठे वसूली के आरोप, 15-15 हजार रुपये मांगने की चर्चा!

सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक काकागंज स्थित अंबेडकर भवन के पास और ग्राम आमेट झांझरी में दबिश देकर जुआ खेलते मिले आरोपियों से कुल 4,670 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस की ओर से जारी जानकारी में पहली जगह से सात और दूसरी जगह से पांच आरोपियों को पकड़े जाने की बात कही गई है।

जुआ एक्ट की कार्रवाई के बीच वसूली की चर्चा ने खड़े किए सवाल

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब थाने में कथित वसूली को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों का दावा है कि जुआ एक्ट के तहत पकड़े गए कुछ लोगों को धारा 151 में कार्रवाई का डर दिखाकर कथित तौर पर 15-15 हजार रुपये तक की मांग किए जाने की बात सामने आई है। यह भी चर्चा है कि कुछ आरोपियों के परिजन रात के समय पैसे लेकर थाने पहुंचे थे।

हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। न ही पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया है। यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह गंभीर जांच का विषय है।

13 जुआ एक्ट और 151 की कार्रवाई में अंतर समझना जरूरी

धारा 13 जुआ एक्ट के तहत जुआ खेलने से संबंधित दंडात्मक कार्रवाई की जाती है। वहीं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 (पूर्व में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151) संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए निवारक कार्रवाई से संबंधित है। दोनों की प्रकृति अलग-अलग है। ऐसे में सवाल उठता है कि जुआ एक्ट में पकड़े गए लोगों के मामले में 151 की कार्रवाई का डर दिखाने की चर्चा क्यों हो रही है?

एसपी से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा

सागर पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक तरफ जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ पुलिस कार्रवाई की आड़ में किसी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायतों पर पारदर्शी जांच सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

सवाल यह है कि क्या पुलिस विभाग इन कथित आरोपों की जांच कराएगा? क्या थाने की कार्रवाई, गिरफ्तारी और मुचलके की प्रक्रिया के साथ कथित लेनदेन की भी पड़ताल होगी?

अपराध पर कार्रवाई पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन कार्रवाई की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। वर्दी की साख केवल गिरफ्तारी से नहीं, बल्कि जवाबदेही से भी कायम होती है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।