भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। भोपाल के छोटे तालाब में मिले 17 वर्षीय किशोर के शव के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि आरोपियों ने किशोर को अपना अंडकोष बेचने के बदले ₹2 करोड़ का भारी-भरकम लालच दिया था, जिसे कथित तौर पर विदेश भेजने की योजना थी।
6 अगस्त से लापता था किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपाल निवासी 17 वर्षीय किशोर 6 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। 11 अगस्त को छोटे तालाब में एक अज्ञात शव मिला, जिसकी पहचान 14 अगस्त को परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर की।
पोस्टमार्टम में अंडकोष गायब, अंग तस्करी का अंदेशा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक के शरीर से अंडकोष गायब था। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने किशोर को 2 करोड़ रुपये का लालच देकर जाल में फंसाया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस कथित सौदे के तार किस अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हैं।
पहले भी मिल चुका है ऐसा ही शव
इस घटना ने भोपाल पुलिस की चिंता इसलिए भी बढ़ा दी है क्योंकि इससे पहले भी शहर में एक डेड बॉडी बिना अंडकोष के बरामद हुई थी। इस वजह से भोपाल में किसी अंग तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।


